सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी गांव में चोरों ने निजी सुरक्षाकर्मी के कमरे ताला तोड़कर लाइसेंसी दोनाली बंदूक, कारतूस, साइकिल और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के दौरान सुरक्षाकर्मी पैतृक गांव गया हुआ था। वापस आने पर घटना का पता चलने पर पीड़ित ने मुकदमा दर्ज करवाया।
मूलरूप से एटा के गांव नगना कमले निवासी ओमसरन ने बताया कि वह एक साल से कनावनी में भीमराज नागर के मकान में किराए पर रहते हैं। वह इंदिरापुरम स्थित विंडीकेट सिकिटी सोल्यूशन प्रा. लि. कंपनी में बतौर सुरक्षाकर्मी काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके ताऊ का देहांत हो गया था। जिसके कारण वह छह जून को सुबह करीब पांच बजे उनकी तेरहवीं में शामिल होने पैतृक गांव गए थे। जब वह गांव से वापस आए तो उनके कमरे का ताला टूटा पड़ा था। कमरे में रखी लाइसेंसी दोनाली बंदूक, करतूस, साइकिल और एक पंखा गायब था। उन्होंने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी राम उर्फ रामू निवासी उन्नाव को दोनाली बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में राम ने बताया कि वह ओमसरन का दोस्त है और आर्थिक तंगी के चलते उसने ही चोरी की थी। साइकिल और पंखा बेचकर मिले रुपये उसने खर्च कर दिए। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।