सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। टीला मोड थाना क्षेत्र के इकबाल कॉलोनी स्थित सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आने से 8 साल के अयान की मौत हो गई है। शुक्रवार शाम बच्चा घर के पास रखे ट्रांसफार्मर के पास साथी बच्चों के साथ खेल रहा था। परिजनों ने मामले में ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया। उन्होंने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
सुबेदीन निवासी इकबाल कॉलोनी शना मस्जिद के पास परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सायं 4:00 बजे उनका लगभग 8 वर्षीय बेटा अयान गली के बाहर खेल रहा था। गली स्थित बिजली के खंभे के पास रखें ट्रांसफार्मर में करंट फैल रहा था। उनका बेटा अयान खेलते हुए ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा। तभी अयान करंट के चपेट में आ गया। वहां खेल रहे अयान के दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। परिवार के लोगों ने बिजली कटवाकर अयान को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि ऊर्जा निगम की घोर लापरवाही का परिणाम है। कॉलोनी के निवासियों द्वारा पूर्व में कई बार निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया था। बिजली के खंभों एवं ट्रांसफार्मर के कारण जमीन में करंट फैलता है। जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समस्या का समाधान नहीं कराया। यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की गई होती, तो आज मासूम की जान नहीं जाती। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में मांग की मामले में बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिनमें एसडीओ विजय सैनी, जेई विनोद कुमार और ताहिर एवं साजिद शामिल हैं। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।