Surya Bulletin
LIVE Trusted News | Fast & Reliable
Ad

/ समाचार विवरण

Wednesday, Aug 05, 2026
8 Views
गाज़ियाबादअपराध

दिन दहाड़े मकान की खिड़की तोड़कर लाखों की चोरी

Share Story:
Main News Image

 

सूर्या बुलेटिन

गाजियाबाद। टीला मोड़ थानाक्षेत्र के डीएलएफ कॉलोनी निवासी फिटर फेब्रिकेशन कारोबारी गुरुचरन सिंह के मकान की खिड़की काटकर घुसे चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया। वारदात 3 जुलाई से 9 जुलाई के बीच की है। वारदात के दौरान परिवार रायबरेली गया हुआ था। वापस लौटने पर चोरी का पता चला। चोर नकदी, लाखों के जेवरात, कपड़े व टोंटियां तक निकाल ले गए। घर पहुंचीं गुरुचरन सिंह की बेटी शालीमार सिटी निवासी रेवती की सूचना पर पुलिस पहुंची। 10 जुलाई को पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू की है। 

बातचीत के दौरान रेवती ने बताया कि उनकी एक बहन शिल्पी रायबरेली में रहती हैं। 3 जुलाई को उनके पति विक्की के एक्सीडेंट का पता चला। पिता गुरुचरन सिंह, मां परविंदर कौर को लेकर वह रायबरेली के लिए रवाना हो गईं। इस दिन ही कुछ घंटे बाद उनके पास पड़ोसी की कॉल आई और उसने घर से पानी की मोटर चोरी होने की बात बताई लेकिन घर के सभी कमरों में सेंट्रल लॉक होने की वजह से सभी निश्चिंग थे। बताया कि वह कुछ दिन बाद ही घर वापस लौट आईं लेकिन उनकी मां और पिता 9 जुलाई को वापस लौटे और उनके घर पहुंचे। 10 जुलाई को मां के कहने पर वह घर की साफ-सफाई कराने के लिए डीएलएफ कॉलोनी पहुंची। तब तक सेंट्रल लॉक लगा था लेकिन जब वह घर में दाखिल हुईं तब हैरान रह गईं। सोफा या इस तरह का बड़ा फर्नीचर छोड़ बाकी सारा सामान गायब था। बताया कि घर में करीब 10 तोला सोना और एक लाख रुपये की नकदी रखी थी वह भी चोरी हो गई। इसके अलावा, कपड़े, बर्तन, रसोई का सामान, बाथरूम व घर के अन्य हिस्सों में लगी टोंटिया, इन्वर्टर-बैटरी, टीवी व अन्य सामान चोरी हो चुका था। इसके बाद उन्होंने आस पड़ोसियों को बुलाया और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। रेवती ने बताया कि 3 जुलाई को ऊपरी मंजिल पर रहने वाले एक व्यक्ति ने चोर को पकड़ा और उसके पास से इन्वर्टर व लंगर की कढ़ाई बरामद हुई लेकिन आरोपी हाथ छुड़ाकर भागने में कामयाब रहा। जांच के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।

--वर्जन
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सर्विलांस टीम आरोपियों के भागने का रास्ता ट्रेस कर रही है। चोरी एक ही दिन में हुई है या कई दिनों में इसकी जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। अतुल कुमार सिंह, एसीपी शालीमार गार्डन

More Photos

🔗 Link copied to clipboard!