-रविवार को छुट्टी होने के कारण बाइक से खरीदारी करने निकला था दंपति
-हादसे के बाद एनएच-नौ पर लगा जाम, चालक ट्रक छोड़कर भागा
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एनएच-नौ पर छिजारसी कट के बाद रविवार सुबह लगभग सवा 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक ट्रक के आगे फंस गई और दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। जिसके बाद ट्रक उन्हें कुचलता हुआ कुछ आगे जाकर रुक गया। हादसे के बाद एनएच-नौ पर जाम लग गया और चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।
विजय नगर के रहने वाले 36 वर्षीय आशीष आनंद पत्नी 32 वर्षीय नीलम त्यागी और छह वर्षीय बेटी अश्विका के साथ इंदिरापुरम क्षेत्र की साया गोल्ड सोसाइटी के टावर-सात में रहते थे। आशीष दिल्ली की रोसकैम इंडिया प्रा. लि. कंपनी में कार्यरत थे और नीलम इंदिरापुरम क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में डायटीशियन थीं। उन्होंने लगभग दो साल पहले ही सोसाइटी में फ्लैट खरीदा था। रक्षाबंधन पर नीलम के भाई गौरव और बहन उनके पास आए हुए थे। गौरव ने बताया कि रविवार को छुट्टी होने के चलते आशीष उनकी बहन नीलम को लेकर खरीदारी करने जा रहे थे। जाम की समस्या को देखते हुए उन्होंने कार की जगह उनकी बाइक ले जाने का निर्णय लिया। लगभग सवा 11 बजे जैसे ही वे बाइक से छिजारसी कट के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई थी और दूर तक घिसटती चली गई। इस दौरान बहन और जीजा बाइक से गिरकर ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए। पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग निकला। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और मालिक की तलाश की जा रही है। नंबर के आधार पर ट्रक पंजाब के होशियार पुर में पंजीकृत पाया गया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
--हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद एनएच-नौ पर सड़क के बीच में ट्रक बीच में खड़ा होने के चलते हाई-वे पर जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली की ओर से आ रहे वाहन चालक भी मौके पर रुक गए थे, जिसके चलते जाम और ज्यादा गंभीर हो गया। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और भीड़ ने घटनास्थल पर हंगामा भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाबुझा कर शांत करवाया और ट्रक व क्षतिग्रस्त बाइक को हाई-वे से हटा कर जाम खुलवाया।
--माता-पिता का बचपन में हो गया था देहांत
गौरव ने बताया आशीष आनंद के माता-पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था। उनके बड़े भाई अंकुर शर्मा और रिश्तेदारों ने उनकी परवरिश की। आशीष के बड़े भाई अंकुर शर्मा फिलहाल ताईवान में एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। हालांकि उन्हें यहां पहुंचने में एक या दो दिन का समय लग सकता है। आशीष और नीलम का विवाह मार्च 2019 में हुआ था। मेरठ से नीलम के माता-पिता यहां पहंच गए हैं। फिलहाल अश्विका अपने नाना-नानी के पास घर पर ही है। उसे अभी मां-बाप की मृत्यु के बारे में बताया नहीं गया है। गौरव ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है वह बच्ची को किस तरह से यह बात बता सकेंगे।