--50 लाख की सप्लीमेंट के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार, पंजाब से जुड़ा कनेक्शन
--20 से अधिक प्रकार की दवाएं और जिम सप्लीमेंट बरामद
--शालीमार गार्डन में गोदाम और विजय नगर की दो दुकानों पर छापेमारी
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। कमिश्नरेट की सर्विलांस टीम और शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने नकली दवाएं और जिम सप्लीमेंट तैयार कर उनकी बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 50 लाख रुपये से अधिक कीमत की दवाएं, फूड सप्लीमेंट और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को जांच के लिए लैब भेज दिया है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शालीमार गार्डन क्षेत्र स्थित एक गोदाम से नकली दवाओं और सप्लीमेंट की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर सर्विलांस टीम और शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और मौके से भारी मात्रा में दवाएं एवं अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर विजय नगर क्षेत्र में दो दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। इन दुकानों से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इन स्थानों पर कथित तौर पर दवाओं और सप्लीमेंट की फुटकर बिक्री की जा रही थी।
--पंजाब से हो रही थी सप्लाई, एक आरोपी वांछित
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप पांडे, वीरभान, रोहित और हनी समेत पांच आरोपियों के रूप में बताई है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क को पंजाब से भी दवाओं की सप्लाई मिल रही थी। पंजाब निवासी मोहित नाम के व्यक्ति को पुलिस ने मामले में वांछित किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े दो से तीन अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नकली दवाओं की तैयारी कहां की जाती थी, इन्हें किन माध्यमों से बाजार में पहुंचाया जाता था और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
--20 से अधिक प्रकार की दवाएं और सप्लीमेंट बरामद
डीसीपी के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 से अधिक प्रकार की दवाएं और सप्लीमेंट बरामद किए हैं। इनमें टेस्टोस्टेरोन, हार्मोनल बैलेंस, मसल्स ग्रोथ, प्रोटीन और विटामिन से संबंधित उत्पाद शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में इंजेक्शन और अन्य दवाएं भी बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार कुछ बरामद उत्पादों पर थाईलैंड, जापान, चीन और फ्रांस के लेबल भी मिले हैं। बरामद दवाओं की वास्तविक गुणवत्ता, निर्माण स्रोत और उनमें मौजूद रसायनों की पुष्टि के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
--कुछ दवाओं में नारकोटिक्स पदार्थ होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक बरामद कुछ दवाओं में नारकोटिक ड्रग्स का इस्तेमाल अधिक मात्रा में होने की आशंका है। हालांकि इन दवाओं में वास्तविक रूप से कौन-कौन से पदार्थ मौजूद हैं और उनकी मात्रा कितनी है, इसकी पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने आशंका जताई है कि यदि ये दवाएं वास्तव में डुप्लीकेट या मानकों के विपरीत पाई जाती हैं तो इनके सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए बरामद सभी दवाओं और सप्लीमेंट के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
--पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन की जांच कर रही है। विशेष रूप से विदेशों के नाम वाले लेबल लगे उत्पादों के स्रोत, पंजाब से होने वाली कथित सप्लाई और इनके गाजियाबाद तक पहुंचने के तरीके की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद उत्पादों को किन दुकानों और किन ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था। मामले में वांछित आरोपी मोहित और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।