सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड-एक में गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी से सटे गौड़ बिजनेस पार्क की इमारत में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग पहली मंजिल पर बने कार्यालय में लगे एसी से शुरू हुई और कुछ ही देर में बेसमेंट से तीसरी मंजिल तक के एलिवेशन को चपेट में ले लिया। आग से इमारत में लगे 12 एसी फट गए और आग गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैटों तक भी पहुंच गई। पुलिस ने एहतियातन छह फ्लैटों को खाली करवा दिया। गनीमत रही कि आग फ्लैटों के अंदर नहीं फैली। सूचना पर पहुंची दमकल की 12 गाड़ियों ने लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया।
गौड़ बिजनेस पार्क की इमारत के बेसमेंट में बिकानेर स्वीट्स का आउटलेट है और पहली मंजिल पर डोमीनॉज का। इसके अलावा इमारत में गौड़ विकासकर्ता का कार्यालय है। इस कार्यालय से एनसीआर का कामकाज देखा जाता है। इसके अलावा इमारत में अन्य छोटे बड़े कार्यालय भी हैं। गौड़ विकासकर्ता समूह के महाप्रबंधक योजना सुंधाशु तिवारी ने बताया कि बुधवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे डोमीनॉज आउटलेट के एसी से चिंगारी निकलकर नीचे बनवारी आउटलेट के एसी पर गिरी थीं। जिससे आग भडक गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आग एलिवेशन के बीच लकड़ी के ढांचे और बिजली के तारों से जरिए ऊपर की ओर बढ़ने लगी। आग उनके कार्यालय के सर्वर रूम तक भी पहंची। सूचना मिलने पर वह भी कार्यालय पहुंच गए और सुरक्षाकर्मियों से दमकल उपकरणों के जरिए आग को रोकने के कहा। उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने 20 से ज्यादा दमकल उपकरणों के जरिए सर्वर रूम में फैली आग को बुझा दिया। इसके साथ ही रूम के बाहर की ओर लगी आग को भी बुझा दिया था। इस दौरान कार्यालय में लगे फायर स्प्रिंक्लर भी चालू हो गए और कार्यालय के अंदर आग नहीं फैली। दमकल को भी सूचना दे दी गई थी। लेकिन, एलिवेशन में आग फिर से भड़क उठी। आग के चलते 12 से ज्यादा फट गए। एलिवेशन में लगा शीशा लकड़ी के बने ढांचे पर टिका था और उसमें बिजली के मोटे तार भी थे। जिसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें इमारत से सटी गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैटों तक भी पहंच रही थीं। जिसके चलते एक फ्लैट में लगा एसी फट गया। इमारत से सटे छह फ्लैटों में धुआं भर गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमों ने सभी फ्लैटों को खाली करवा लिया था। मौके पर पहुंची दमकल की 12 गाड़ियों ने लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया।
--सभी कार्यालय बंद, शटर और दीवार काटने पड़े
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि जब दमकल टीमें मौके पर पहुंची तो इमारत के बाहर की ओर आग लगी गई थी। इमारत के दरवाजे बंद थे, जिसके कारण दो जगह से दीवार को तोड़ा गया और शटर भी काटे गए। दमकल की 12 गाड़ियों ने लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। इमारत के अंदर कोई नहीं था। आग से बिजली के तार, एसी, एलिवेशन का शीशा और लकड़ी का ढांचा जल गया। बेसमेंट में बने आउटलेट में कुछ नुकसान हुआ है। अन्य कार्यालयों में आग को फैलने से रोक लिया गया। दो टीमों को इमारत में पीछे से भेजा गया था और चार टीमें सामने की ओर से आग बुझा रही थीं। लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
-इमारत से सटे फ्लैटों में रहने वाले आए दहशत में
गौड़ बिजनेस पार्क से सटे गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के ई-ब्लॉक के छह फ्लैटों में रहने वाले लोग आग लगने से दहशत में आ गए थे। ई-101 में रहने वाली ऊषा नवानी ने बताया कि उनकी पति बीएसएफ में कमांडेंट थे। उनके दो बेटे हैं जो इंडोनेशिया में कारोबार करते हैं और वहीं रहते हैं। इस फ्लैट में वह और उनका घरेलू सहायक पूनाराम रहता है। रात में लगभग पौने 12 बजे पूनाराम ने उन्हें आग लगने के बारे में बताया। आग की लपटें बहुत तेज थीं और उनके फ्लैट तक पहुंच रही थीं। पूनाराम ने बाथरूम में पाइल लगाकर आग पर पानी डालना शुरू कर दिया था। लगभग एक घंटे तक वह पानी डालता रहा, जिससे उनके फ्लैट में आग न पहुंचे। उनके फ्लैट के ऊपर वाला फ्लैट खाली है। उसके बाहर लगा एसी आग के कारण फट गया और खिड़की के शीशे भी चटक गए। गनीमत रही कि आग फ्लैट के अंदर तक नहीं पहुंची। फ्लैट संख्या ई-203 में रहने वाले संजीव सिंह ने बताया कि आग लगने के बाद सभी फ्लैटों में धुआं भर गया था। कुछ ही देर में पुलिस और दमकल की टीमों ने पहुंचकर सभी छह फ्लैटों में रहने वाले लोगों को बाहर निकाल दिया था। दमकल की टीमों ने ई-101 से भी आग पर पानी डाला।