सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र की रामपुरी में दबंग दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक सिख युवक और पिता के साथ मारपीट की। इस दौरान दुकानदार ने सिख युवक की पगड़ी खींच कर जमीन पर फेंक दी और युवक को बाल पकड़ कर घसीटा। युवक का पिता उसे छोड़ने के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन दबंगों पर कोई असर नहीं पड़ा। दबंगों ने युवक के पिता के साथ भी लोहे की रॉड से मारपीट की। किसी तरह दोनों वहां से जान बचाकर निकले। इसके बाद थाने पहुंचने पर भी दबंग दुकानदार ने पुलिस के सामने दोनों को धमकाया। इतना सब हो गया, लेकिन पुलिस ने सामान्य मारपीट में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी दुकानदार का शांति भंग के मामले में चालान किया। दबंग को कुछ ही घंटों में जमानत भी मिल गई। जिसके बाद सिख समुदाय में खासा रोष है।
चंद्र नगर में रहने वाले परविंद्र सिंह तलवार नगों के व्यापारी हैं। परविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले रामपुरी स्थित सतीश सबमर्सिबल से घर पर बोरिंग की मोटर लगवाई थी। मोटर अभी वारंटी में है और खराब हो गई। इस पर उनके बेटे 23 वर्षीय सूजल तलवार ने सतीश को फोन करके मोटर सही करने के लिए कहा था। सतीश ने वारंटी कार्ड लाने के लिए कहा। वारंटी कार्ड नहीं होने पर सतीश ने मोटर की मरम्मत करने और बदलने से इनकार कर दिया। इस पर बेटे ने सतीश से कहा कि उनके पास भुगतान के स्क्रीनशॉट हैं, जिससे पता चलता है कि अभी वारंटी का समय खत्म नहीं हुआ। इस पर सतीश भड़क गया और गालीगलौज करने लगा। सूजल ने उसे गाली देने से मना किया। जिसके बाद सतीश उनके बेटे को फोन पर ही धमकाने लगा। बेटे ने सतीश का फोन काटकर उन्हें फोन करके पूरी बात बताई, जिसके बाद वह गुरुवार की रात बेटे के साथ सतीश की दुकान पर पहुंचे। परविंदर सिंह ने बताया कि सतीश की दुकान पर सात-आठ लोग बैठे थे। उन्हें देखते ही सतीश और सुनील उनके साथ गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर वहां मौजूद सभी लोगों ने लोहे की रॉड से उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान सतीश ने उनके बेटे को पकड़कर खींचा और उसकी पगड़ी खींच ली। पगड़ी खींचने के बाद वह बेटे के बाल पकड़कर घसीटने लगा। बेटे की पगड़ी उतरने और बाल खुलने पर वह सकपका गए और बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन दबंगों ने उनकी गुहार को अनसुना कर दिया। उन्होंने किसी तरह से बेटे को सतीश से छुड़ाया और कार में बैठाया। उन्होंने वहां गिरी पगड़ी उठाने का प्रयास किया तो सतीश ने उन पर फिर से हमला कर दिया। इस दौरान बेटे ने कार में बैठकर दूसरी छोटी पगड़ी पहन ली थी, लेकिन उन पर हमला होते देख वह कार से उतर कर उन्हें बचाने आया। आरोप है कि सतीश ने दूसरी बार भी बेटे के सिर से पगड़ी खींच ली और सभी लोग लोहे की रॉड से उन्हें मारने आ गए। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बचाकर कार तक पहुंचाया। परविंदर सिंह ने बताया कि मारपीट के दौरान बेटे के गले से सोने की चेन और लॉकेट भी खींच लिया गया था। चेन खिंचने से बेटे के गले पर कट भी लगा है।
--दिल्ली और गाजियाबाद के गुरुद्वारे से थाने पहुंचे लोग
सिख युवक की पगड़ी खींचने की जानकारी होते ही दिल्ली और गाजियाबाद के कई गुरुद्वारा समिती के पदाधिकारी लिंक रोड थाने पहुंच गए और घटना को लेकर विरोध जताया। थाने पहंचे लोगों ने मुकदमा दर्ज करके तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
--वर्जन
प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।