-सूर्या हत्याकांड का चौथा आरोपी 25 हजार का इनामी शारिक गिरफ्तार
-मामले में पांच नामजद आरोपियों में चार गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में ढेर
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में बकरीद के दिन हुए सूर्या हत्याकांड के पांचवें आरोपी 25 हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, खोड़ा में सील किए दोनों मदरसों के संचालकों के खिलाफ जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने खोड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
खोड़ा में बकरीद के दिन लोकप्रिय विहार निवासी असद ने साथियों संग मिलकर नवनीत विहार निवासी 11वीं के छात्र 17 वर्षीय सूर्या चौहान के पेट में चाकू घोंप दिया था। 29 मई को सूर्या की मौत के बाद पुलिस ने असद के पिता नवाब और उसके दोस्त फरहान व आतिफ को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया था। वहीं 31 मई को तड़के असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया था। फरार पांचवे आरोपी सारिक मेवाती को पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। सारिक अलीगढ़ के छर्रा का मूलनिवासी है और वह सूर्या पर हमले के बाद से उत्तर प्रदेश व हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि हत्याकांड में पांच आरोपी थे। एक मुठभेड़ में ढेर हो गया और चार जेल में हैं।
-दोनों मदरसों के संचालकों पर केस दर्ज
खोड़ा में मंगलवार को सील किए दोनों मदरसों के संचालकों पर खोड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के वक्फ निरीक्षक संतराम पाल की तहरीर पर खोड़ा के लोकप्रिय विहार स्थित मदरसा रहमानिया अरबिया कासिम-उल-उलूम के मौलवी इमाम मोहम्मद दानिश व मोहम्मद साजिद और खोड़ा गांव के बीरबल मोहल्ले में संचालित सुल्तान अलाफरीन मदरसा के मौलवी शिक्षक जावेद अख्तर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों मदरसे बिना मान्यता के चल रहे थे। मदरसा सोसाइटी पंजीकरण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया। अग्निशमन विभाग व विद्युत सुरक्षा विभाग की एनओसी भी नहीं है। इनके खिलाफ भारतीय विद्युत अधनियिम (संशोधन) 2003 की धारा 135 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 290 व 329 के तहत केस दर्ज किया गया है।
-तनाव के बीच पहुंचते रहे लोग
सूर्या हत्याकांड के बाद से ही लोकप्रिय विहार, नवनीत विहार व आसपास के इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। बुधवार को भी सूर्या के घर के आसपास लोगों का जमावड़ा लगा रहा। पुलिस ने अपराधियों के सत्यापन के साथ फ्लैग मार्च किया तो वहीं सूर्या के घर लोग लगातार मिलने के लिए पहुंचते रहे। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता, स्वामी दीपांकर और हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी समेत अन्य लोग पहुंचे। कैप्टन विकास गुप्ता ने कहा कि सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है और अवैध रूप से संचालित हो रहे संस्थानों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।
-हिंदू रक्षा दल ने दी चेतावनी
हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने कहा कि पुलिस ने तीन दिन से नजरबंद कर रखा था। आज मौका मिला तो तुरंत सूर्या के परिजनों से मिलने आए हैं। उन्होंने कहा कि वह सूर्या के साथ अस्पताल थे। वहां पता चला कि पुलिस ने सिर्फ एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तुरंत आरोपियों के नाम बढ़वाए। उन्होंने हत्याकांड को लेकर रोष जताते हुए कहा कि अवैध रूप से चल रहे संस्थानों पर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता तो हम अपने स्तर से कार्रवाई करेंगे।
-खोड़ा छोड़कर भाग गए आधे अपराधी
खोड़ा और लोनी से पुलिस ने जो तीन दिवसीय ऑपरेशन क्लीन स्वीप शुरू किया था, वह अब पूरे जिले में चल रहा है। खोड़ा में तीन दिन के सत्यापन में पुलिस को 1200 में से 600 अपराधी नहीं मिले हैं। हिस्ट्रीशीटर से लेकर हर तरह का अपराध करने वाले अपराधियों की सूची बनाकर पुलिस टीम घर-घर गई। इनमें से 600 अपराधी अपने घर पर मिले, जिनका पुलिस ने सत्यापन किया। मगर 600 अपराधी अपने घर से लापता मिले। परिजनों से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। सूत्रों की माने तो सूर्या हत्याकांड के बाद जैसे ही खोड़ा में तनाव शुरू हुआ और बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया, वैसे ही ये अपराधी घर छोड़कर भाग गए। कई घरों पर ताला लगा मिला। खासकर सील किए गए मदरसों के आसपास बड़ी संख्या में मकानों पर ताला लटका है। आसपास के लोग कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।